
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ । लखनऊ के लोकबंधु राजनारायण संयुक्त अस्पताल में गार्ड और वार्ड बॉय को मरीजों का ईसीजी (ECG) करने का आदेश जारी होने के बाद मामला चर्चा में है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) अमिताव श्रीवास्तव की ओर से 29 सितंबर को जारी आदेश में गार्ड मानवेंद्र सिंह और वार्ड बॉय विमलेश कुमार को 30 सितंबर से ईसीजी कक्ष में प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अगले आदेश तक कक्ष में आने वाले मरीजों का ईसीजी करने को कहा गया है।आदेश की प्रति सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अमिताव श्रीवास्तव ने बताया कि स्टेमी कार्यक्रम के तहत अस्पताल के सभी कर्मचारियों को ईसीजी की ट्रेनिंग देने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है। हालांकि, केवल दो कर्मचारियों को ही आदेश दिए जाने के सवाल पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।वहीं, डीजी मेडिकल हेल्थ डॉ. पवन अरुण ने कहा कि उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने गार्ड से ईसीजी कराने को अनुचित बताते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन से बातचीत के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर अस्पताल के आदेश पर सवाल उठ रहे हैं।