
Pardarshi Vikas News Mathura
गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और देशभर में गोहत्या बंदी कानून लागू करने की मांग को लेकर वृंदावन में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत भव्य पंचकोसीय परिक्रमा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व गौ रक्षक ब्रज दास महाराज उर्फ सुनील भैया ने किया। इस दौरान गौ भक्तों, साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
परिक्रमा यात्रा के दौरान लोगों से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया। ब्रज दास महाराज ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए उन्हें राष्ट्रमाता का सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोवंश संरक्षण के लिए केंद्र सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए।
अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजने की अपील की जा रही है। आयोजकों ने बताया कि 27 अप्रैल को देशभर की तहसीलों में एक साथ ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
मथुरा सहित देश की लगभग 5560 तहसीलों में इस अभियान का प्रथम चरण पूरा किया जाएगा। उस दिन साधु-संत और आमजन कीर्तन करते हुए तहसीलों तक पहुंचेंगे और लाखों हस्ताक्षरों सहित मांग पत्र प्रशासन को सौंपेंगे। प्रमुख मांगों में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गोचर भूमि मुक्त कराना, गो मंत्रालय की स्थापना और गोवंश कल्याण के लिए ठोस नीति बनाना शामिल है।
इस अवसर पर जुगल दास बाबा, सुखदेव दास बाबा, हनुमान दास, भरत गौतम, सोनी ठाकुर, अधिवक्ता पवन दुबे, अधिवक्ता विशाल उपाध्याय, गोपाल गौतम, विकास पंडित, पुनीत चतुर्वेदी, श्याम वशिष्ठ, डॉ. पंकज सिंह तोमर सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।