
उन्नाव। विकासखंड हिलौली के ग्राम गुलरिया में नवनिर्मित भगवान विश्वकर्मा मंदिर का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई, जिसके बाद गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।मंदिर का निर्माण देव कुमार शर्मा, विजय कुमार शर्मा, श्री प्रसाद शर्मा, राम प्रकाश शर्मा, रामकृष्ण शर्मा एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कराया गया। आयोजन के दौरान विधि-विधान से पूजन, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सर्व समाज के लोगों की सहभागिता रही।कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा जी सेवा संस्थान (पंजीकृत), उन्नाव की टीम भी शामिल हुई। संस्थान के संरक्षक गौरी शंकर शर्मा, अध्यक्ष बुद्धि लाल शर्मा, हरी शंकर शर्मा, रामचंद्र शर्मा, अवधेश शर्मा, राजन शर्मा, संदीप शर्मा और रज्जन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंदिर पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा के दर्शन किए तथा आयोजन में सहभागिता निभाई।महोत्सव की विशेष आकर्षण आचार्य भानुदत्त त्रिपाठी 'मधुरेश' द्वारा रचित 'श्री विश्वकर्मा कृपा स्तोत्र' पुस्तक का वितरण रहा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं और अतिथियों को पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए भगवान विश्वकर्मा से समाज में सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।