
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडल और मेरिट निर्धारण प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर कुछ विद्यार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कुलपति प्रो. आशु रानी का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ता दोपहर से लेकर रात तक कुलपति कार्यालय के बाहर डटे रहे।एबीवीपी का आरोप है कि मूल मूल्यांकन में सामान्य या कम अंक प्राप्त करने वाले कुछ छात्रों के अंकों में बाद में असामान्य बढ़ोतरी की गई, जिससे वास्तविक मेधावी छात्र मेरिट सूची में पीछे चले गए। परिषद का कहना है कि यह स्पष्ट किया जाए कि किन नियमों के तहत अंकों में वृद्धि की गई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्रारंभिक मूल्यांकन में त्रुटि थी तो संबंधित परीक्षकों और अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।एबीवीपी इकाई अध्यक्ष शिवम कोली ने मांग की कि जांच पूरी होने तक गोल्ड मेडल वितरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। साथ ही परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली का स्वतंत्र ऑडिट कराकर उसे अधिक पारदर्शी और डिजिटल निगरानी व्यवस्था से जोड़ा जाए।विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।