
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के इनायतनगर कोतवाली क्षेत्र के भदोखरा पूरे पसिन गांव निवासी 21 वर्षीय विकास पुत्र कन्हैयालाल की गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह रोजी-रोटी कमाने के लिए गाजियाबाद में रहकर मजदूरी करता था। गुरुवार को वह अपने कमरे के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। सबसे पहले उसके साथ काम करने वाले साथियों ने शव देखा और इसकी सूचना पुलिस व परिजनों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि विकास की शादी इसी वर्ष फरवरी में खंडासा थाना क्षेत्र के कुरावन गांव में हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी। विकास दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।