
कानपुर। भगवान झूलेलाल चालिहा महोत्सव के पावन अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत, गुजैनी के सहयोग से सोमवार 21 जुलाई को झूलेलाल मंदिर, ए-ब्लॉक, गुजैनी में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना तथा विभिन्न बीमारियों की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित करना है।शिविर में होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों का परीक्षण एवं परामर्श दिया जाएगा। होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. गरिमा अरोरा गठिया, गुर्दे की पथरी, बवासीर, बाल झड़ना, चर्म रोग, एलर्जी, चेहरे के मस्से तथा लिकोरिया जैसी समस्याओं का परामर्श एवं उपचार करेंगी। वहीं कनिका हॉस्पिटल, हर्ष नगर के डॉ. शरद बाजपेई एवं उनकी टीम, डॉ. एस.के. पाण्डेय, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. अखंड प्रताप तथा नोबुल हॉस्पिटल की महिला चिकित्सक डॉ. वीनस सचान भी अपनी सेवाएं देंगी।शिविर में लैब टेक्नीशियन डॉ. पुष्पांजलि द्वारा आवश्यक जांचें की जाएंगी, जबकि डॉ. दिव्या द्वारा निशुल्क ब्लड प्रेशर एवं ब्लड शुगर की जांच की जाएगी। नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम मोतियाबिंद सहित आंखों से धुंधला दिखना, पानी आना, नाखूना, पलकों से संबंधित समस्याएं, नासूर तथा अन्य नेत्र रोगों की जांच करेगी। आवश्यकता अनुसार मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मरीजों का पंजीकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा रियायती दरों पर चश्मे की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।आयोजकों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने अथवा उपचार संबंधी सुविधा का लाभ लेने के इच्छुक लोग अपने साथ आधार कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं आवश्यक दस्तावेज अवश्य लेकर आएं। अधिक जानकारी एवं पूर्व पंजीकरण के लिए 8887457765 एवं 6393200765 पर संपर्क किया जा सकता है। सिंधी पंचायत ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
