
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पडरौना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 लाख 8 हजार 800 रुपये कीमत की एक महिन्द्रा पिकअप वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में रविवार को यह कार्रवाई संपन्न हुई। पुलिस के अनुसार थाना तुर्कपट्टी में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 247/2025 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट से संबंधित अभियुक्त संतोष कुमार यादव पुत्र रामबालक यादव निवासी डार थाना भेजा जिला मधुबनी बिहार द्वारा गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर अवैध रूप से अर्जित संपत्ति से उक्त वाहन खरीदा गया था। पुलिस ने बताया कि महिन्द्रा पिकअप वाहन संख्या BR07GC2218 को उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 14(1) के तहत जब्त किया गया। जब्त वाहन की अनुमानित कीमत 8,08,800 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी, थानाध्यक्ष आलोक यादव, कांस्टेबल उमेश कुमार सिंह, कांस्टेबल रतनदीप जायसवाल तथा कांस्टेबल गोविन्द यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।