
तनिश सिंह
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। गंगा नदी की तेज धारा से फतेहपुर-84 क्षेत्र के शिवराजपुर-दबौली मार्ग का एक हिस्सा कटकर क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क प्रभावित होने की सूचना पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचे जिलाधिकारी ने कटान प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने उपजिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से प्रभावित इलाकों की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों और संभावित खतरे को लेकर जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान डीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंगा के जलस्तर और कटान की स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी रहनी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कटान रोकने के उपायों पर चर्चा की गई। इसमें बोल्डर डालकर तटबंध को मजबूत करने, सड़क को सुरक्षित करने और प्रभावित परिवारों के लिए राहत व्यवस्था तैयार रखने की योजना बनाई गई।जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं उपजिलाधिकारी बांगरमऊ को राजस्व टीम के माध्यम से संभावित प्रभावित गांवों का सर्वे कराने को कहा गया।डीएम ने राहत शिविरों, पेयजल, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।