
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा गोंडा जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का तीसरा और अंतिम दिन आयोजित किया जा रहा है। आखिरी दिन होने के कारण केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखी गई।परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थी आजमगढ़, सुल्तानपुर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बाराबंकी और अयोध्या सहित कई जिलों से गोंडा पहुंचे हैं।परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस और प्रशासनिक टीम द्वारा परीक्षार्थियों की त्रिस्तरीय जांच की जा रही है। मेटल डिटेक्टर से पूरे शरीर की जांच की जा रही है, जिसमें कान और जूते भी शामिल हैं।सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। बिना बायोमेट्रिक पुष्टि के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जिनका सत्यापन एक बार में नहीं हो पा रहा है, उन्हें दोबारा जांच के बाद अंदर भेजा जा रहा है।परीक्षार्थी अपने साथ प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और पेन लेकर केंद्रों में प्रवेश कर रहे हैं, जबकि जूते बाहर ही जमा कराए जा रहे हैं।पहली पाली में 15 केंद्रों पर कुल 6024 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। पूरे जिले में सुरक्षा और निगरानी के लिए 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 1000 से अधिक कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं।जिला मुख्यालय पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। डीएम और एसपी स्वयं भी परीक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार पिछले दो दिनों में किसी भी नकलची को पकड़ा नहीं गया है।