
पारदर्शी विकास न्यूज़। गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सरिया से भरा एक ट्रक पलटने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हादसा गोंडा-बेलसर मार्ग पर माधवपुर गांव के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। ट्रक वीरसिंहपुर में टेढ़ी नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के लिए सरिया लेकर जा रहा था। रास्ते में बारिश के बीच चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रक सड़क किनारे पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रविंद्र पासवान (31), राजेंद्र पासवान (42) और रामगुलाम पासवान (30) को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में रविंद्र और राजेंद्र सगे भाई थे तथा सभी तरबगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के निवासी थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।