
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक युवती से खुद को फर्जी आईएएस अधिकारी और रॉ एजेंट बताकर शादी करने और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी संदीप सिंह की गिरफ्तारी 14 दिन बाद भी नहीं हो पाई है, जबकि वह खुलेआम गाजीपुर से लेकर लखनऊ तक मॉल्स में घूमता और सोशल मीडिया पर रील्स पोस्ट करता दिख रहा है। पुलिस लगातार उसकी तलाश और गिरफ्तारी का दावा कर रही है, लेकिन अब तक वह पकड़ से बाहर है।मामला 31 मई को तब दर्ज हुआ जब पीड़िता ने नगर कोतवाली में तहरीर दी। आरोप है कि संदीप सिंह ने शुरुआत में खुद को बेसिक शिक्षा विभाग का सचिव बताकर युवती को नियुक्ति पत्र दिया और उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। बाद में उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताया और यहां तक दावा किया कि वह रॉ एजेंट है तथा पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े मिशन पर तैनात था। इसी झांसे में आकर उसने कथित तौर पर फर्जी “रिलेशन सर्टिफिकेट” दिखाकर युवती से शादी भी कर ली।शादी के बाद आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार से नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 6.50 लाख रुपए की ठगी की। जब सच्चाई सामने आई तो विरोध करने पर उसने धमकी दी और फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। हालांकि, उसके सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और खुलेआम घूमने की जानकारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है, लेकिन पीड़ित परिवार अभी भी न्याय की प्रतीक्षा में है।