news-details

गोंडा में बुजुर्ग की मौत पर शव रखकर प्रदर्शन

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के आमाडीह तेलियाकोट गांव में 70 वर्षीय कन्हैया लाल यादव की मौत के बाद परिजनों ने सोमवार सुबह शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि मारपीट के मामले में दो और आरोपियों के नाम मुकदमे में शामिल किए जाएं। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।सूचना पर कौड़िया थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोग परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।मृतक के घायल बेटे चंदन यादव ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने नाबालिग बेटे की तहरीर पर केवल दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया, जबकि मारपीट में अरुण कुमार और कुलदीप भी शामिल थे। उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है।बताया जा रहा है कि शनिवार को पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद कन्हैया लाल यादव की कथित पिटाई की गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है और जांच के आधार पर अन्य नाम भी शामिल किए जा सकते हैं।