
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में 2026-27 तक ₹50-50 करोड़ रुपये की नई विकास परियोजनाएं कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से तीन दिन के भीतर विकास कार्यों के विस्तृत प्रस्ताव मांगे गए हैं।निर्देश दिया गया है कि प्रस्ताव ऐसे कार्यों के हों, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिले। किसी व्यक्ति विशेष से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। प्रस्तावों के साथ कार्यों का पूरा विवरण भी मांगा गया है, ताकि जल्द मंजूरी देकर विकास कार्य शुरू कराए जा सकें।नई योजनाओं में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण, बेहतर कनेक्टिविटी और आम लोगों की सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल होंगे। इसका उद्देश्य लोगों को आवागमन की समस्याओं से राहत दिलाना है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया गोंडा दौरे के दौरान हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। जिले के सातों विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में कराए जाने वाले विकास कार्यों की सूची तैयार कर रहे हैं। इसके लिए स्थानीय लोगों से भी सुझाव लिए जा रहे हैं।गौरा विधायक प्रभात वर्मा ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में ₹50 करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव समय से तैयार कर जिला अधिकारियों को सौंप दिए जाएंगे, जिससे विकास योजनाएं जल्द शुरू हो सकें।करनैलगंज विधायक अजय कुमार सिंह और तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडे ने भी कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता रहेगी।