
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा-अयोध्या मार्ग पर स्थित मन्नीपुर गांव में बिजली विभाग की बंच केबल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब आधे घंटे तक केबल जलती रही। इस दौरान कई धमाके भी हुए, जिससे हाईवे से गुजर रहे लोग और स्थानीय निवासी दहशत में आ गए।आग लगने से केबल पूरी तरह जलकर राख हो गई और इलाके की बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली न आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।इसके बाद विभाग ने नई केबल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण केबल में आग लगी थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और अधिकारियों को जर्जर केबल की जांच कर सुधार के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले नवाबगंज क्षेत्र में भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। इसके बावजूद जर्जर केबल बदलने का काम समय पर नहीं होने से आए दिन आग लगने जैसी घटनाएं हो रही हैं।