
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में रोडवेज बस स्टैंड पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे तथा कार्यक्रम स्थल पर जयकारों से माहौल गूंज उठा।कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पर्यटन मंत्री ने कहा कि समाज को इतिहास से सीख लेते हुए आक्रांताओं और राष्ट्र विरोधी तत्वों को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हर युग में दो प्रकार के लोग रहे हैं—एक वे जो राष्ट्र के प्रति निष्ठावान रहे और दूसरे वे जिन्होंने देश के हितों के विरुद्ध कार्य किया।मंत्री ने आगे कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में तुष्टिकरण की राजनीति के कारण राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान नहीं मिला, लेकिन अब ऐसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों को सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भी सराहना की।इस मौके पर सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सांसद मुकेश राजपूत, अन्य विधायकगण, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, एसपी आरती सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने प्रतिमा स्थापना के लिए सरकार का आभार जताया। युवाओं ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर और नारे लगाकर कार्यक्रम में उत्साह दिखाया।कार्यक्रम के बाद भोजन वितरण के दौरान भीड़ अधिक होने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई, वहीं कई युवा प्रतिमा के पास तलवार के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए।