
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में 8, 9 और 10 जून को होने वाली यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर छह पालियों में कुल 40,320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सभी केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, वहीं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। केंद्रों के 200 मीटर दायरे में फोटोकॉपी, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक दुकानें भी बंद रहेंगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।