
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। जिले में सोमवार से पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत शुरू हो गई है। इस परीक्षा में आठ जिलों से आए 40 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सुबह 7 बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत 8 बजे से प्रवेश दिया गया।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अभ्यर्थियों की तीन स्तरों पर सघन जांच की जा रही है। सबसे पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की जाती है, इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाता है और अंत में ही परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया जाता है। इस दौरान जूते और कानों की बालियां भी उतरवाकर जांच की गई।शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी देखने को मिली। बद्री विशाल डिग्री कॉलेज और नारायण आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज सहित सभी केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिसकर्मी प्रवेश द्वार पर ही आधार कार्ड और प्रवेश पत्र की जांच करते नजर आए।परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में 6,720 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 560 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं।अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्हें यात्रा और ठहरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन तैयारी पूरी है और वे परीक्षा को लेकर आश्वस्त हैं।