
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना शुक्रवार को फर्रुखाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में भाग लिया। सबसे पहले वे भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी डॉ. रजनी सरीन के लोहाई रोड स्थित आवास पर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। डॉ. रजनी सरीन लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर की समस्या से जूझ रही हैं और उनका ऑपरेशन भी हो चुका है। इस दौरान सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी भी मौजूद रहे।इसके बाद मंत्री विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निनौआ स्थित वन चेतना केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है और सरकार इस दिशा में लगातार बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है।मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण दिवस पर करोड़ों पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और वृक्षों की देखभाल करने की अपील की।