
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में 21 मई को होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने की। अधिकारियों ने परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शांतिपूर्ण परीक्षा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा के दिन सुबह 7 बजे ट्रेजरी पहुंचने और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण व निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, हैंडबैग, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा और सभी ड्यूटी कर्मियों के लिए आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य होगा। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के 200 मीटर दायरे में स्थित फोटोकॉपी दुकानें, साइबर कैफे और इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकानें बंद रहेंगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी युक्त कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम भी बनाए जाएंगे।