news-details

फर्रुखाबाद में भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS  फर्रुखाबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार से शुरू हो गया है। पांचाल घाट स्थित नारायण वाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में हो रहा है।शुक्रवार सुबह से ही कार्यकर्ता नारायण वाटिका पहुंचने लगे थे। वाटिका के बाहर एक विशेष गेट बनाया गया है, जिस पर 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान' लिखा हुआ है। अंदर गैलरी में भाजपा का झंडा लगा है और पंडाल लगाकर स्टॉल लगाए गए हैं।यहां कार्यकर्ताओं का सूची के अनुसार पंजीकरण किया जा रहा है, जिसके बाद महिला कार्यकर्ताओं द्वारा तिलक लगाकर उनका स्वागत किया जा रहा है। प्रशिक्षण स्थल पर हॉल के बाहर सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित गैलरी लगाई गई है। इसके साथ ही भाजपा की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए हैं।कार्यक्रम के पहले दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह प्रशिक्षण 11 सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए कार्यकर्ताओं से 200 रुपये का पंजीकरण शुल्क लिया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अर्चना पांडे, महिला कल्याण निगम अध्यक्ष कमलावती सिंह, प्रदेश महामंत्री अनूप कुमार गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश करी, संजय चौधरी, वीरेंद्र तिवारी, जिला संगठन मंत्री शिव महेश दुबे, पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यपाल सिंह, अशोक राजपूत और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी सहित कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।