
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद शहर की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए 6 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है। यह स्वीकृति सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की पहल पर मिली है। बिजली विभाग ने कुल 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव शासन को भेजे थे, जिनमें से बाकी प्रस्तावों के भी जल्द स्वीकृत होने की उम्मीद है। शहर में पहले रिवैंप योजना के तहत करीब 49 करोड़ रुपये के कार्य कराए गए थे, लेकिन कई इलाकों में बिजली की समस्या और झूलती केबलें अब भी बनी हुई हैं।नई योजना के तहत ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और नई 33 केवी लाइन बिछाने का कार्य किया जाएगा। जल्द ही 63 केवीए के 2 और 250 केवीए के 25 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। भोलेपुर उपकेंद्र से आईटीआई रोड के किनारे 5.4 किलोमीटर लंबी नई 33 केवी लाइन भी डाली जाएगी, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या खत्म होगी। इसके अलावा शिवाजी कॉलोनी, नेकपुर चौरासी, अंधेरीबाग, पटेल नगर समेत कई इलाकों में जर्जर तारों की जगह बंच केबल डाली जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।