
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में लंबे समय से चल रही मांग के बाद अब अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। नगर पालिका ने सेंट्रल जेल चौराहे के पास इटावा-बरेली हाईवे पर स्थित एक पार्क में इसके लिए स्थान उपलब्ध कराया था, जहां प्रतिमा का अनावरण किया गया।अनावरण कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। प्रतिमा अनावरण के बाद सातनपुर मंडी में महाकुंभ रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए मंच, वीआईपी दीर्घा और हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।आयोजकों के अनुसार, रैली के लिए बेवर से साउंड और टेंट की व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम में फर्रुखाबाद के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में पाल समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना है।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक पूजा पाल और कई अन्य जनप्रतिनिधियों के भी पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। मंडी परिसर के तीसरे गेट पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं।गौरतलब है कि रैली की तैयारियों के दौरान मंडी समिति में टीन शेड खाली कराने को लेकर अधिकारियों और आढ़तियों के बीच विवाद भी हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया।