
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हनुमानगंज थाना पुलिस ने जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में दर्ज मुकदमा संख्या 111/2021 में आरोपी पर जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ीपूर्वक फर्जी बैनामा कराने का आरोप है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता लागू होने से पूर्व की धाराओं 419, 420, 467, 468, 471, 504 एवं 506 भादवि के तहत मुकदमा पंजीकृत है।
सोमवार को थाना हनुमानगंज पुलिस ने वांछित आरोपी गंगादीन पुत्र राजदेव, निवासी तिनपरसा, थाना हनुमानगंज, जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिग्विजय नारायण राय, उपनिरीक्षक संजीव कुमार मौर्य, कांस्टेबल मिथलेश कुशवाहा तथा आरक्षी राजेश यादव शामिल रहे।