news-details

फार्मर रजिस्ट्री जरूरी, तभी मिलेगा योजनाओं का पूरा लाभ: डीएम महेन्द्र सिंह तंवर

You can share this post!

Pardarshi Vikas News  Kushinagar

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अप्रैल माह के ‘किसान दिवस’ में जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने किसानों को स्पष्ट संदेश दिया कि केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की खतौनी में नाम अलग-अलग दर्ज होने के कारण रजिस्ट्री में बाधा आ रही है, वे तत्काल तहसील स्तर पर संशोधन कराकर प्रक्रिया पूर्ण करें।

कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक द्वारा पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने से हुई। जिलाधिकारी ने फसल कटाई के दौरान रीपर मशीन के सुरक्षित उपयोग और आगजनी की घटनाओं से बचाव हेतु निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की।

बैठक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने विद्युत कनेक्शन की समस्याएं उठाईं, जिस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। वहीं, खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंपों को लेकर भी गंभीरता दिखाते हुए जनपद स्तर पर सूची बनाकर शीघ्र रिबोर कराने के निर्देश दिए गए।

किसानों ने चक मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने और गड़ौरा चीनी मिल द्वारा लंबित गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला गन्ना अधिकारी को मिल के खिलाफ नोटिस जारी कर जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में कृषि, खाद्य एवं विपणन विभाग द्वारा पीपीटी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए किसानों से जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराने का अनुरोध किया।

 बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।