
कानपुर के फूलबाग स्थित फल मंडी में सोमवार शाम भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 20 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। करीब 25 ठेले और कई बाइकें भी आग की चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसके बाद टीन शेड की दुकानों में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें 30 से 40 फीट तक उठती देखी गईं। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को खाली कराया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक दुकानदार का हाथ झुलस गया और एक महिला बेहोश हो गई।
पीड़ित दुकानदारों के अनुसार आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। एक महिला दुकानदार ने बताया कि दुकान में रखे करीब 5 लाख रुपये नकद और जेवर जलकर राख हो गए। कई अन्य दुकानदारों की जमा पूंजी भी आग में नष्ट हो गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि पूरी मंडी आग की चपेट में थी, जिसे घेराबंदी कर नियंत्रित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आर्यनगर के विधायक अमिताभ बाजपेई मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। विधायक ने आग की घटना के लिए बिजली विभाग और नगर निगम की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ितों को हर संभव मदद और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
यह फल मंडी पहले फूलबाग चौराहे पर लगती थी, जिसे स्मार्ट सिटी योजना के तहत यहां शिफ्ट किया गया था। वर्तमान में टीन शेड के नीचे संचालित हो रही इस मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और गम का माहौल बना हुआ है।