
Pardarshi Vikas News Kanpur
शहर की छात्राओं को डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। फिक्की फ्लो कानपुर चैप्टर ने शहर के चार प्रमुख शिक्षण संस्थानों में ‘एआई सक्षम डिजिटल साक्षरता लैब’ शुरू की है। इस परियोजना का उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक तकनीकी ज्ञान देकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
यह डिजिटल लैब सिविल लाइंस स्थित डीजी कॉलेज, जुहारी देवी गर्ल्स कॉलेज, वीएसएसडी कॉलेज तथा किदवई नगर स्थित महिला महाविद्यालय में स्थापित की गई है। फिक्की फ्लो की ओर से चारों संस्थानों में कुल 32 आधुनिक कंप्यूटर, 32 कुर्सियां और 4 स्मार्ट एलईडी टीवी लगाए गए हैं। इससे छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल स्किल्स सीखने का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस परियोजना को फ्रंटियर स्प्रिंग्स लिमिटेड के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) सहयोग से संचालित किया जा रहा है। वहीं निम्बल-क्यू और प्रेमांजलि फाउंडेशन टेक्नोलॉजी पार्टनर के रूप में जुड़े हैं। योजना के तहत वर्ष 2027 तक करीब 800 छात्राओं को डिजिटल रूप से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे, जो उनके रोजगार और करियर में सहायक साबित होंगे।
फिक्की फ्लो कानपुर चैप्टर की चेयरपर्सन अंकिता गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता हर छात्रा के लिए जरूरी हो चुकी है। इस पहल से छात्राओं को तकनीकी संसाधनों तक पहुंच मिलेगी और समाज में मौजूद डिजिटल गैप कम करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान वाइस चेयरपर्सन शुषमा सिंह, अनंता स्वरूप, नीति टंडन, दीपा अग्रवाल, श्वेता श्रीवास्तव, पारुल मिश्रा, खुशबू कपूर, साक्षी खन्ना सहित संस्था की कई सदस्य मौजूद रहीं।