
PARDARSHI VIKASH NEWS चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1879 में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक यात्री ने बीच हवा में अचानक हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, यात्री ने विमान की खिड़की (विंडो) पर मुक्के मारकर शीशा तोड़ने की कोशिश की और क्रू मेंबर्स के साथ बदसलूकी भी की।हालांकि, फ्लाइट क्रू ने स्थिति को संभालते हुए यात्री को काबू में किया और विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। बाद में यात्री ने एयरपोर्ट पर भागने की भी कोशिश की, लेकिन CISF ने उसे दोबारा पकड़ लिया।एयर इंडिया के अनुसार, क्रू ने पूरी घटना के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल (SOP) का पालन किया और किसी भी स्थिति में यात्रियों, क्रू या विमान की सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया। मामले की जानकारी DGCA को भी दी गई है।जांच में सामने आया कि आरोपी यात्री मानसिक रूप से अस्वस्थ है। मेडिकल जांच में उसे अनफिट पाया गया, जिसके बाद उसे 30 दिनों के लिए नो-फ्लाई लिस्ट में डाल दिया गया है। रिपोर्ट आगे DGCA को भेजी गई है, जो इस प्रतिबंध को 6 महीने तक बढ़ा सकती है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्री उड़ान के दौरान सामान्य था, लेकिन दिल्ली में लैंडिंग के समय अचानक घबरा गया और सीट से उठकर खिड़की पर वार करने लगा। क्रू ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उसे काबू में रखा।विशेषज्ञों का कहना है कि विमान की खिड़कियां मल्टी-लेयर सुरक्षा ग्लास और प्लास्टिक परत से बनी होती हैं, जिन्हें तोड़ना बेहद कठिन होता है। ऐसी हरकतों को विमान सुरक्षा के खिलाफ गंभीर अपराध माना जाता है और दोषी पाए जाने पर यात्री को सभी एयरलाइंस की नो-फ्लाई लिस्ट में डाला जा सकता है।फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।