news-details

एनएस राजा सुब्रमणि होंगे देश के अगले CDS, कृष्णा स्वामीनाथन बने नए नौसेना प्रमुख

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS  रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि देश के अगले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) होंगे। केंद्र सरकार ने शनिवार को इसका ऐलान किया। सुब्रमणि रक्षा मामलों के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। दोनों 31 मई को कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा CDS अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। एनएस राजा सुब्रमणि देश के तीसरे CDS होंगे।एनएस राजा सुब्रमणि करीब 39 साल की सेवा के बाद 31 जुलाई 2025 को वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स से सेना में कमीशन लिया था। सैन्य प्रशिक्षण उन्होंने नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) से हासिल किया। इसके बाद वे ब्रिटेन के ब्रैकनेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज भी गए।भारत लौटने के बाद उन्हें माउंटेन ब्रिगेड में ब्रिगेड मेजर की जिम्मेदारी दी गई। बाद में उन्होंने दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से पढ़ाई की। उनके पास लंदन के किंग्स कॉलेज से मास्टर ऑफ आर्ट्स और मद्रास यूनिवर्सिटी से डिफेंस स्टडीज में एमफिल की डिग्री भी है।सुब्रमणि वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। यह पद उन्होंने सितंबर 2025 से संभाला हुआ है। इससे पहले वे जुलाई 2024 से जुलाई 2025 के बीच सेना उप-प्रमुख रहे। अपने लंबे सैन्य करियर में वे सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, नॉर्दर्न कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ, II कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग और मिलिट्री इंटेलिजेंस के डिप्टी डायरेक्टर जनरल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। वे डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन में चीफ इंस्ट्रक्टर भी रहे और जम्मू-कश्मीर के सांबा में 168 इन्फैंट्री ब्रिगेड की कमान संभाल चुके हैं। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। वे कम्युनिकेशन और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर के विशेषज्ञ माने जाते हैं। उन्होंने NDA, ब्रिटेन के जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, कॉलेज ऑफ नेवल वॉरफेयर और अमेरिका के यूएस नेवल वॉर कॉलेज से प्रशिक्षण प्राप्त किया है।अपने नौसैनिक करियर में कृष्णा स्वामीनाथन ने INS Vidyut, INS Vinash, INS Kulish और INS Mysore जैसे युद्धपोतों की कमान संभाली। वे एयरक्राफ्ट कैरियर INS Vikramaditya के कमांडिंग ऑफिसर भी रह चुके हैं। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने इंडियन नेवल सेफ्टी टीम की स्थापना में भी अहम भूमिका निभाई, जो नौसेना की ऑपरेशनल सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करती है।चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) देश की तीनों सेनाओं—आर्मी, नेवी और एयरफोर्स—के बीच तालमेल बनाने वाला सबसे वरिष्ठ सैन्य अधिकारी होता है। यह चार-स्टार रैंक का पद है। CDS, चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (CoSC) का स्थायी चेयरमैन और रक्षा मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स (DMA) का प्रमुख भी होता है।इस पद का उद्देश्य तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संयुक्त सैन्य रणनीति तैयार करना और रक्षा मामलों में निर्णय प्रक्रिया को तेज करना है। दिसंबर 2019 में यह पद बनाया गया था। जनरल बिपिन रावत देश के पहले CDS बने थे, जबकि अनिल चौहान दूसरे CDS थे।CDS सरकार और रक्षा मंत्रालय को सैन्य मामलों में सलाह देता है। वह सैन्य खरीद, लॉजिस्टिक्स, संयुक्त ऑपरेशन, साइबर और स्पेस से जुड़े समन्वय का काम भी देखता है। हालांकि CDS तीनों सेनाओं का ऑपरेशनल प्रमुख नहीं होता। आर्मी, नेवी और एयरफोर्स की कमान उनके अपने-अपने प्रमुखों के पास ही रहती है। CDS की भूमिका तीनों सेनाओं और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने की होती है।