
pardarshi vikas news kushinagar
विशुनपुरा विकास खंड अंतर्गत कांठी छापर स्थित एम.एस.डी. कॉन्वेंट स्कूल में सोमवार को 7वां वार्षिक उत्सव समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया।इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। रंगारंग प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक और समूह गायन शामिल रहे, जिन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी का दिल जीत लिया।मुख्य अतिथि मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में शिक्षा को जीवन का आधार बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना भी की।विद्यालय के निदेशक नगई प्रसाद राजभर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देना है।कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल, द्वितीय पुरस्कार स्वरूप टेबल फैन और तृतीय पुरस्कार के रूप में स्टडी टेबल प्रदान की गई। इस दौरान आराधना श्रीवास्तव, हरिओम खरवार एवं सेंटी चौहान प्रमुख रूप से सम्मानित हुए।समारोह में विद्यालय प्रबंधक नगई प्रसाद राजभर, संचालक संतोष प्रसाद राजभर, विधायक प्रतिनिधि प्रमोद कुमार गौतम, एमएलसी प्रतिनिधि ओमप्रकाश राजभर, ग्राम प्रधान मुनीब भारती, प्रधानाचार्य रमेश यादव सहित शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावक और क्षेत्रीय गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा, जिससे यह वार्षिक उत्सव विद्यालय परिवार के लिए एक यादगार अवसर बन गया।