news-details

ढोलहा ने पकड़ियार को हराकर जीती वॉलीबॉल प्रतियोगिता की ट्रॉफी

You can share this post!

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

खड्डा/कुशीनगर। विकासखंड नेबुआ नौरंगिया के ढोलहा स्थित खेल मैदान में युवक मंगल दल के तत्वावधान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद ढोलहा की टीम ने फाइनल में पकड़ियार को 2-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ऋषिकेश यादव एवं प्रधान प्रतिनिधि सुहेल ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।पहला सेमीफाइनल जौरही और पकड़ियार की टीम के बीच खेला गया, जिसमें पकड़ियार ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में ढोलहा और नंदन छपरा की टीम आमने-सामने हुई। कड़े मुकाबले में ढोलहा की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।फाइनल मुकाबला ढोलहा और पकड़ियार के बीच बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन ढोलहा की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पकड़ियार को 2-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई।क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी ऋषिकेश यादव ने कहा कि सरकार की मंशा युवक मंगल दलों को सक्रिय करते हुए गांव-गांव में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की है। खेलकूद के आयोजनों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त युवा ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। खेलों के माध्यम से युवाओं का शारीरिक, मानसिक और सर्वांगीण विकास संभव है।इस अवसर पर सोहेल अंसारी, अयाज अली, पिंटू, ब्लॉक कमांडर भोला मिश्रा, राजाराम यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।