
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम की परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए शहर में हो रही छोटी-बड़ी चोरी और सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ढाई करोड़ की कार से आकर 45 रुपए के गमले उठा ले जाते हैं, जबकि उस गमले को खरीदने से ज्यादा खर्च कार के ईंधन पर हो जाता है। सीएम ने इसे “चोरी का नया मॉडल” बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं शहर की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।सीएम योगी ने कहा कि सरकार का पैसा जनता का पैसा है और इसका उपयोग सही तरीके से होना चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि नगर निगम और प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। सीसीटीवी कैमरों के जरिए ऐसी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और कई मामलों का खुलासा भी हुआ है।कार्यक्रम में सीएम ने लखनऊ के विकास, स्वच्छता रैंकिंग और नगर निगम की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शहर को देश का सबसे स्वच्छ और आदर्श महानगर बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों में अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के कारण शहरों का विकास प्रभावित हुआ था, जबकि अब तेजी से सुधार हो रहा है।