
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय नर्स की मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही युवती को मौरंग से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रॉली पलट गई, जिससे युवती उसके नीचे दब गई। गंभीर रूप से घायल नर्स को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतका की पहचान साधना (26) पुत्री राम विशुन निवासी पनापुर कलां लगलेसरा, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। वह दुबग्गा स्थित विकल्प अस्पताल में नर्सिंग विभाग में कार्यरत थीं।पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे शिफ्ट समाप्त होने के बाद साधना पैदल घर जा रही थीं। जॉगर्स चौराहे पर सड़क पार करते समय मौरंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गईं। टक्कर लगते ही वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और साधना उसके नीचे दब गईं।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए युवती को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि सिर और पैरों में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।सूचना मिलने पर दुबग्गा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसे की सूचना पर परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।