
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार तड़के लगभग 4 बजे ड्यूटी के दौरान हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रैफिक कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दोनों पुलिसकर्मी एक ट्रक चालक के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे।जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार की ड्यूटी नौबस्ता चौराहे पर लगी थी। देर रात झारखंड नंबर का एक खाली ट्रक नौबस्ता रैंप से पनकी स्थित प्लांट की ओर जा रहा था। दोनों पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। संदेह होने पर दोनों ने ट्रक का पीछा किया और बर्रा बाईपास स्थित प्रिया नर्सिंग हॉस्पिटल के सामने एलिवेटेड रोड पर ट्रक को रुकवाया।दोनों कांस्टेबल ट्रक के पीछे खड़े होकर चालक के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए माल से लदे कंटेनर ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कई मीटर तक घिसटता चला गया और उसकी चपेट में दोनों पुलिसकर्मी व ट्रक चालक भी आ गए।हादसे में ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ट्रक चालक भी हादसे में घायल हुआ है।मृतक जितेंद्र कुमार वर्ष 2018 बैच के ट्रैफिक कांस्टेबल थे और मूल रूप से आगरा के निवासी थे। उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी। परिवार में पत्नी और ढाई वर्ष की एक बेटी है। घायल कांस्टेबल राकेश कुमार बुलंदशहर के निवासी बताए गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।