
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में एक संत की मौत हो गई, जबकि दूसरा संत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर दयानंद इंटर कॉलेज के पास हुआ।जानकारी के अनुसार, मैनपुरी निवासी राम भारती उर्फ रामू बाबा और गंगा भारती उर्फ धरू बाबा अल्टो कार से गंगा स्नान कर वापस लौट रहे थे। दोनों संत पंच दशनाम आवाहन अखाड़ा से जुड़े हुए बताए गए हैं। रास्ते में उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राम भारती उर्फ रामू बाबा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंगा भारती का इलाज जारी है।घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।