
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कसया।नगर में डोल मेले की रौनक के बीच कसया नगरवासियों को लगातार दो रात बिजली कटौती की परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार शाम से बंद हुई बिजली बुधवार रात करीब 10:30 बजे बहाल हुई, लेकिन महज पांच मिनट बाद ही तहसील फीडर की आपूर्ति दोबारा ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में पंखे और कूलर बंद होने से लोग परेशान रहे। कई घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। देर रात तक बिजली का इंतजार करते लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी दिखाई दी।जानकारी के अनुसार, कसया में दो दिवसीय डोल मेले को देखते हुए मंगलवार शाम करीब पांच बजे नगर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। पूरी रात बिजली नहीं आई। बुधवार को भी मेले के दौरान शाम करीब चार बजे आपूर्ति बंद कर दी गई। लगातार दो रात बिजली नहीं मिलने से लोगों को उमस और गर्मी के बीच अंधेरे में रहना पड़ा।बुधवार रात करीब 10:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। घरों में पंखे और कूलर चलने लगे, लेकिन यह राहत महज पांच मिनट ही टिक सकी। तहसील फीडर की सप्लाई फिर बंद हो गई। इसके चलते घरों और दुकानों में लगे बिजली उपकरण बंद हो गए।बिजली विभाग के अनुसार, बिजलीघर में लगे 11 केवी ट्रांसफार्मर के बूस में अचानक खराबी आ गई थी। इसके चलते तहसील फीडर की आपूर्ति बंद करनी पड़ी। सूचना के बाद कर्मचारियों को मरम्मत कार्य में लगाया गया। देर रात तक काम चलने के बाद खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई।नगर निवासी राकेश कुमार ने बताया कि मेले के कारण पहले से ही बिजली कटौती हो रही थी। बुधवार रात बिजली आने पर लगा कि अब राहत मिलेगी, लेकिन पांच मिनट बाद ही आपूर्ति फिर बंद हो गई। उमस भरी गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई। लगातार कटौती से लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।नगर निवासी संगीता विश्वकर्मा ने कहा कि दो रात से बिजली की समस्या के कारण लोगों की नींद और दिनचर्या प्रभावित हुई है। उमस के बीच रात गुजारना मुश्किल हो गया। उन्होंने मेले के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विभाग से वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की।जेई शुभम गौड़ ने बताया कि 11 केवी ट्रांसफार्मर के बूस में खराबी आ गई थी। कर्मचारियों ने देर रात तक काम कर खराबी को ठीक किया, जिसके बाद तहसील फीडर की बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।