news-details

डीजल रिकवरी के विरोध में चालक भड़के

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । रोडवेज डिपो में शनिवार को डीजल रिकवरी के विरोध में चालकों ने प्रदर्शन किया। चालकों के आक्रोश के कारण लगभग दो घंटे तक बसों का संचालन ठप रहा। इससे लखनऊ, सुल्तानपुर और प्रयागराज सहित विभिन्न रूटों पर जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।चालकों का आरोप है कि डीजल का औसत (माइलेज) पूरा न होने पर उनसे रिकवरी की जाती है, जिसकी राशि उनके वेतन से काट ली जाती है। उनका तर्क है कि सड़क जाम, डायवर्जन, खराब सड़कें और टायर पंचर जैसी स्थितियाँ उनके नियंत्रण से बाहर होती हैं। इसके बावजूद निर्धारित माइलेज न मिलने पर उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जाता है।प्रदर्शन में शामिल चालक शमशाद अली, रंगीलाल, शिव कुमार और राजेंद्र ने बताया कि लगातार हो रही रिकवरी से उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने डीजल रिकवरी की व्यवस्था में बदलाव करने और संबंधित फोरमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।विरोध प्रदर्शन के कारण कई बसें डिपो परिसर में ही खड़ी रहीं, जिससे यात्री बसों के इंतजार में परेशान होते रहे। लखनऊ जाने वाले यात्री रामनरेश यादव ने बताया कि उन्हें काफी देर तक बस नहीं मिली। सुल्तानपुर जाने वाले मनोज पांडेय को देरी का सामना करना पड़ा, जबकि अजय मिश्र की प्रयागराज यात्रा प्रभावित हुई। विनोद तिवारी ने बताया कि बस संचालन ठप रहने से उनका एक महत्वपूर्ण काम रुक गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डिपो प्रशासन ने चालकों से बातचीत की। वार्ता सफल होने के बाद चालक अपने निर्धारित रूटों पर बसों को लेकर रवाना हुए और संचालन सामान्य हो गया। डिपो प्रभारी आर. के. वर्मा ने बताया कि चालकों की समस्याओं को सुना गया है और उन्हें उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।