
पारदर्शी विकास ब्यूरो, खड्डा (कुशीनगर)।खड्डा स्थित अनमोल पैलेस में डिजिटल सखी परियोजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोजेक्ट मैनेजर वीरेंद्र चौरसिया ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना तथा ग्राम विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।कार्यक्रम में महिलाओं को डिजिटल तकनीक के उपयोग, ऑनलाइन सेवाओं तक पहुंच, वित्तीय साक्षरता और सरकारी योजनाओं के लाभ लेने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान विजय गुप्ता (सिसवा मनिराज) एवं ग्राम प्रधान तैयब अली (नवल छपरा) उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों सहित खड्डा ब्लॉक की विभिन्न डिजिटल सखियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मनीषा, आकृति देवी, निर्मला जायसवाल, नीलू माल, शशि सिंह, प्रीति जायसवाल, सावित्री देवी, अनामिका श्रीवास्तव, शीला, शिल्पी तथा कृष्णावती देवी समेत बड़ी संख्या में डिजिटल सखी परियोजना से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने तथा ग्रामीण विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया। जिला प्रोजेक्ट मैनेजर वीरेंद्र चौरसिया ने कहा कि डिजिटल सखी परियोजना ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।