
पांडु नदी पर निर्माणाधीन सेतु का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील नरवल क्षेत्र में पांडु नदी पर निर्माणाधीन सचौली घाट सेतु का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और नवंबर माह तक सेतु पर आवागमन शुरू कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि यह सेतु डिफेंस कॉरिडोर और घाटमपुर क्षेत्र को नरवल मोड़-साढ़-सरसौल मार्ग से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके बनने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और औद्योगिक, व्यापारिक व स्थानीय आवागमन को सुविधा मिलेगी। परियोजना का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी कुछ समस्याओं के चलते निर्माण कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब कार्य में तेजी लाई जा रही है। सेतु निगम ने नवंबर तक आवागमन शुरू कराने का लक्ष्य रखा है।डीएम ने कहा कि वर्तमान में उपयोग हो रहा पुराना पुल जोखिमपूर्ण हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। जनहित को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और निगरानी करने के निर्देश दिए।बता दें कि भीतरगांव क्षेत्र में सचौली घाट के पास पांडु नदी पर करीब 15.28 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन क्षमता वाले सेतु और सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं। सेतु बनने के बाद डिफेंस कॉरिडोर, घाटमपुर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सेतु निगम के परियोजना अधिकारी एसके सुमन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।