
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने एएचएम, डफरिन जिला महिला अस्पताल और यूएचएम जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।डफरिन अस्पताल में डीएम ने इमरजेंसी, ट्रायेज, प्रसूति वार्ड, मिडवाइफरी लेड केयर यूनिट, एसएनसीयू, स्तनपान प्रबंधन इकाई, फार्मेसी और ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने योग कक्ष, एनीमिया प्रबंधन इकाई और मॉडल टीकाकरण केंद्र की व्यवस्थाएं भी देखीं। इसके बाद यूएचएम अस्पताल में ओपीडी, ब्लड बैंक और डेंगू वार्ड सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।डीएम ने दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और मशीनों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए सभी उपकरणों को सुचारु रखने के निर्देश दिए। खराब मशीनों की तत्काल मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने अस्पताल अधीक्षकों को सुधार और अतिरिक्त कार्यों की सूची तैयार कर जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।निरीक्षण के दौरान सीडीओ अभिनव जे. जैन, सीएमओ डॉ. हरि दत्त नेमी और डफरिन अधीक्षिका डॉ. रुचि जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।