
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर में 14 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के विरोध में विधि छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सरसैया घाट पर अनोखा प्रदर्शन किया। छात्रों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदान के अधिकार का प्रतीकात्मक पिंड बनाकर पिंडदान की रस्म निभाई। ‘वोट’ लिखे पोस्टर को माला पहनाकर अगरबत्ती जलाई गई। प्रदर्शनकारी पिंड को गंगा में प्रवाहित करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोककर पिंड अपने कब्जे में ले लिया। मोर्चा के संयोजक अनुज त्रिपाठी ने छात्रसंघ चुनाव बहाल कर छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार देने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में पार्थ, संदीप जायसवाल, सचिन गुप्ता और विनायक यादव सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।