
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। लखनऊ क्राइम ब्रांच ने चारबाग रेलवे स्टेशन और आसपास यात्रियों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय चोर-जेबकतरा गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चोरी की घटनाओं से जुड़े 1.24 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।एडीसीपी क्राइम किरण यादव के मुताबिक, सूचना के आधार पर एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए गैंग के सदस्यों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के अहमदनगर निवासी मुख्य सरगना संदीप सुधाकर तिजोरे, सोनभद्र निवासी अरविंद गुप्ता, नासिक निवासी कुनाल विलास सिरसाठ, मुंबई निवासी जावेद अख्तर और गोंडा निवासी सोनू जायसवाल शामिल हैं।पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश करते और ट्रेनों के जनरल कोच में यात्रियों के बीच बैठ जाते थे। भीड़ का फायदा उठाकर जेब से नकदी और सामान चोरी करते थे। ऑटो और ई-रिक्शा में भी यात्रियों के बीच बैठकर वारदात की जाती थी।पुलिस के अनुसार, गिरोह अलग-अलग शहरों में घूमकर वारदात करता था और कभी-कभी एक महीने में करीब 20 लाख रुपये तक कमाता था। मुख्य आरोपी के खिलाफ मुंबई में 2009 से चोरी के कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है।