
पारदर्शी विकास न्यूज़, अमेठी। गौरीगंज स्थित भाजपा जिला कार्यालय में गुरुवार को जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला की अध्यक्षता में मासिक जिला कार्यसमिति की बैठक हुई। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी सुनील सिंह रहे। बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने नवमतदाता सम्मेलन, मतदाता पुनरीक्षण, सक्रिय सदस्य सम्मेलन और शक्ति केंद्रों पर पदाधिकारियों के प्रवास की रूपरेखा बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और चुनाव के लिए अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया। जिला प्रभारी सुनील सिंह ने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों और भ्रम का तथ्यों के आधार पर जवाब देने को कहा।पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव ने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी और गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने भी विचार रखे।इस दौरान अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष रोहित चौधरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता सिंह और पिछड़ा मोर्चा अध्यक्ष श्रीनाथ वर्मा का स्वागत किया गया। बैठक में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यसमिति सदस्य मौजूद रहे।