
PARDARSHI VIKASH NEWS चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर में हुई फायरिंग में कैशियर जानकी दास की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने करीब डेढ़ फुट की दूरी से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें लगभग 11 गोलियां लगीं। एक गोली पसली में फंसी मिली, जबकि कई गोलियां शरीर के आर-पार हो गईं। रविवार को सेक्टर-16 अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया गया है।वारदात के बाद पुलिस जांच में बड़ा सुराग सामने आया है। एक ऑटो ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है, जिसने हमलावरों को घटनास्थल से सेक्टर-43 बस स्टैंड के पास तक पहुंचाया था। ड्राइवर के अनुसार, तीनों युवक पंजाबी भाषा में बात कर रहे थे, जिससे पुलिस को शक है कि आरोपी पंजाब के सीमावर्ती इलाकों, खासकर तरनतारन क्षेत्र से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को वारदात के बाद कजहेड़ी गांव की ओर जाते देखा गया है। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने बाइक छोड़ने के बाद ऑटो से करीब 9 किलोमीटर की दूरी लगभग 25 मिनट में तय की और रास्ते में कपड़े बदलने व अन्य गतिविधियों में समय लगाया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) भी जांच में शामिल हो गई है। वहीं, चंडीगढ़ पुलिस सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और जांच एजेंसियों के समन्वय पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।