
PARDARSHI VIKASH NEWS ज्येष्ठ मास के छठवें मंगलवार के अवसर पर प्रयागराज स्थित बंधवा के बड़े हनुमान जी महाराज मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही भक्त भगवान बजरंगबली के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर परिसर पहुंचने लगे।तड़के सुबह मंदिर के महंत बलबीर गिरी ने विधि-विधान से भगवान का मंगला श्रृंगार कराया। इस दौरान भगवान को गंगाजल, दूध, दही, हल्दी और शहद से पंचामृत स्नान कराया गया, जिसके बाद सिंदूर लेपन कर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई।श्रृंगार के दौरान रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से बड़े हनुमान जी का भव्य अलंकरण किया गया, जिससे उनका दिव्य स्वरूप और भी आकर्षक दिखाई दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और दर्शन लाभ प्राप्त किया।श्रृंगार के बाद मंदिर परिसर में सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद घंट-घड़ियाल, शंखनाद और डमरुओं की गूंज के बीच भव्य मंगला आरती संपन्न हुई।आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “बजरंगबली की जय” के उद्घोष से गूंज उठा। आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ मास के मंगलवारों का विशेष महत्व होता है, जिसके चलते छठवें मंगलवार पर मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं।