
कुर्सी में हुई सामाजिक भाईचारा कमेटी की बैठक
पारदर्शी विकास न्यूज़ बाराबंकी। रविवार को कुर्सी में बहुजन समाज पार्टी की ओबीसी समाज की सामाजिक भाईचारा कमेटी की बैठक हुई। बैठक को बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी देश की एक मात्र राष्ट्रीय पार्टी है जिसने पिछड़ी जातियों को शासन प्रशासन और राजनीति में आगे बढ़ाने का काम किया है।1984में बहुजन समाज पार्टी बनी, इसके पहले राजनीति में पिछड़े वर्ग की हिस्सेदारी मात्र डेढ़ फीसदी थी। मान्यवर कांशीराम साहब और बहन मायावती जी ने ओबीसी की6743जातियों में राजनीतिक चेतना जागृत कर ऐसे लोगों को भी एम एल सी,एम एल ए और सांसद बनाने का काम किया है, जिनकी आबादी गांवों में दहाई में होती है। गांव में एक घर,दो घर वाली जातियों जिनको कुछ लोग प्रजा की संज्ञा देते हैं,उनको भी विधानसभा, विधानपरिषद और संसद पहुंचने का अवसर प्रदान किया।1984से1989तक मंडल कमीशन की रिपोर्ट को लेकर देशव्यापी आंदोलन चलाया और 1989में जनता दल की सरकार के अल्पमत में आने पर सशर्त समर्थन देकर मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू कराई और बाबा साहब डॉ अम्बेडकर को मरणोपरांत भारत रत्न का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिलाया।उत्तर प्रदेश में चार बार की बसपा सरकार में ओबीसी मंत्रियों की संख्या उनकी आबादी से अधिक रही।पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की स्थापना करके पिछड़ी जातियों के हितार्थ तमाम योजनाएं संचालित कीं।प्रदेश अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने हमेशा पिछड़ी जातियों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, संवैधानिक अधिकार नहीं दिए। समाजवादी केवल एक परिवार की पार्टी है, इससे पिछड़े वर्ग के लोगों की भलाई की उम्मीद नहीं की जा सकती।सपा का पीडीए के नाम पर भाजपा की तरह जुमलेबाजी कर रही है।यह पीडीए, परिवार डेवलपमेंट एलांइस के अलावा और कुछ नहीं है। बैठक की अध्यक्षता मंडल संयोजक रवि प्रकाश मौर्य ने की, उन्होंने कहा कि जातियों के नाम पर पार्टी बनाकर राजनीतिक रोटी सेंक रहे नेता ओबीसी समाज की भलाई नहीं कर सकते। इनकी राजनीति केवल अपने बेटे बेटियों को आगे बढ़ाने और टिकट और वोटों की सौदेबाजी करके पैसा कमाने और सम्पत्ति बनाने तक सीमित है।बैठक को मंडल संयोजक रोहित कुमार गौतम, जिला संयोजक प्रमोद कुमार गौतम, पूर्व जिला अध्यक्ष चंदन पाल, विधानसभा संयोजक राजेश कुमार गौतम, मुख्य मंडल ज़ोन प्रभारी अजय कुमार गौतम ने भी सम्बोधित किया। रमेश रावत, विक्रम गौतम , सचिन कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।
आज होगी बीकापुर विधानसभा के प्रभारी की घोषणा
बहुजन समाज पार्टी ने सोमवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया है।इस कार्यक्रम में बीकापुर विधानसभा से भविष्य के प्रत्याशी की ज्वाइनिंग होगी।बड़ी संख्या में दूसरे दलों के लोग बहुजन समाज पार्टी में शामिल होंगे।बसपा कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू के समर्थक इस कार्यकर्ता सम्मेलन को भव्य बनाने की कोशिश में लगे हुए हैं