
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। बहुजन समाज पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें सेक्टर-48 की कमेटियों के गठन, पुनर्गठन और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में मंडल प्रभारी रामबाबू चिरगैयां एवं केहर सिंह गौतम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंडल प्रभारियों ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर सर्वसमाज को जोड़ते हुए संगठन को मजबूत किया जाए, ताकि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पूरी मजबूती के साथ बूथ स्तर पर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधानसभा प्रभारी अभिषेक गौतम और विधानसभा अध्यक्ष संतोष अहिरवार उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि सेक्टर कमेटियां संगठन की रीढ़ होती हैं और मजबूत संगठन ही पार्टी को सफलता दिला सकता है। बैठक की अध्यक्षता सेक्टर अध्यक्ष बृजभान अहिरवार (परोंदा) ने की। बैठक में सर्वसम्मति से बूथ संख्या 543 पर उत्तम सिंह तथा बूथ संख्या 544 पर जयराम को बूथ अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस दौरान संतोष कुमार (विधानसभा महासचिव), धर्मेन्द्र कुमार अहिरवार (पूर्व मंडल प्रभारी), प्रकाश पाल (सेक्टर महासचिव), किशन लाल, लालाराम, पप्पू अहिरवार, हन्नू अहिरवार, लक्ष्मण प्रसाद, जमना प्रसाद, अरविंद कुमार, कैलाश, देशराज, संजू, आशाराम समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सेक्टर महासचिव प्रकाश पाल ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।