
Pardarshi Vikas News Amethi
जलालपुर विधानसभा के पैकोली ग्राम में बाबा साहब डॉ अम्बेडकर विचार मंच की ओर से संविधान निर्माता बोधिसत्व बाबा साहब डॉ अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर दो दिवसीय जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ अम्बेडकर युग पुरुष हैं, उनके जीवन दर्शन का उल्लेख शब्दों में सम्भव नहीं। दुनिया में बाबा साहब डॉ अम्बेडकर ही एक ऐसे महापुरुष हैं जिनकी जयंती 150देशों में मनाई जाती है और एक महीने तक कार्यक्रम चलते हैं। बाबा साहब डॉ अम्बेडकर ने भारत को दुनिया का सबसे अच्छा संविधान दिया है।जाति भेद, अंधविश्वास ऊंच-नीच , कर्मकांड, पुरोहित वाद से अलग समतामूलक समाज के निर्माण के लिए बौद्ध धम्म दिया। बाबा साहब डॉ अम्बेडकर का सबसे बड़ा संदेश -राजनीतिक सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करना है। उनके विचारों को धरातल पर उतारने का काम मान्यवर कांशीराम साहब ने किया और बहुजन समाज पार्टी बनाकर बहुजन महापुरुषों के मिशन को आगे बढ़ाया।यू पी में चार बार के अपने मुख्यमंत्रित्व काल में बहन मायावती जी ने उत्तर प्रदेश में बाबा साहब के सपनों को साकार करने काम किया है। देश में बहुजन महापुरुषों के सपनों का भारत बनाने के लिए 2027में उत्तर प्रदेश और 2029में केंद्र में दिल्ली की सरकार बनाना जरूरी है।प्रदेश अध्यक्ष ने जयंती समारोह के आयोजकों और पार्टी समर्थकों को सचेत किया कि केवल नारा लगाने से काम नहीं चल सकता। पंचायत से संसद तक अधिकार के लिए हर पोलिंग बूथ पर सर्वसमाज का मजबूत संगठन बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की शुरुआत बौद्ध परंपरा के अनुरूप त्रिसरण पंचशील और दीप प्रज्जवलन के साथ हुई। आयोजन समिति की ओर से राम गोपाल, आलोक कुमार, सिद्धार्थ कुमार, मेवालाल गौतम, तिलकधारी आदि ने प्रदेश अध्यक्ष और अतिथियों का स्वागत सम्मान किया।बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने सभा की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के मानवतावादी मूवमेंट को आगे बढ़ाने के लिए मान्यवर कांशीराम साहब ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। वे बहन मायावती जी को अपना उत्तराधिकारी घोषित करके गये हैं, विरोधी दलों के इशारे पर बसपा का रास्ता रोकने के लिए तमाम स्वार्थी नेता नीले झंडे के साथ अपनी दुकान चलाने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए अब नारा है -,जिस नीले झंडे में हाथी है,वही आपका साथी है -।बहन मायावती जी ने अपना पूरा जीवन बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए समर्पित किया है।समारोह का संचालन बसपा जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने किया। मंडल प्रभारी डॉ दयाराम राजभर,राम नयन निर्दोष, अरविंद गौतम आदि मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने बसपा की सदस्यता भी ली।पैकोली के ग्राम प्रधान मो सलीम, राजेश कुमार गौतम,भारत भूषण, संतोष कुमार,राम दरश गौड आदि उपस्थित रहे।