
बसपा की सेक्टर बैठक में उमड़ी भीड़, राजनीतिक बदलाव का संदेश
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। गुरुवार को लखीमपुर खीरी जिले की विधानसभा गोला के अमीरनगर सेक्टर में बहुजन समाज पार्टी की सेक्टर बूथ स्तरीय समीक्षा बैठक और कैडर कैम्प का आयोजन किया गया। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी संगठन के कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं को अपना अपना बूथ जिताने और उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने के संदेश दिए।सेक्टर एवं बूथ स्तरीय समीक्षा बैठक में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। सेक्टर और बूथ कमेटियों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति की पड़ताल के दौरान मंडल प्रभारियों ने सभी पदाधिकारियों को मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।मुख्य मंडल प्रभारी सुशील कुमार मुन्ना, रणधीर बहादुर , मंडल प्रभारी मनमोहन मौर्य, सुरेश चन्द्र गौतम आदि मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष विपिन कुमार गौतम के साथ सभी मंडल प्रभारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का बड़ी माला से स्वागत किया।प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने बहुजन समाज पार्टी की रीति नीति और बहन सुश्री मायावती जी के चार बार के मुख्यमंत्रित्व काल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और जोश भरते हुए 2027में बहुजन समाज पार्टी को सत्ता में वापस लाने की अपील की।प्रदेश अध्यक्ष विश्व नाथ पाल ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी को छोड़कर देश के सभी राजनीतिक दल पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रहे हैं, गरीबों और मेहनतकशों के हित से इनका कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस, भाजपा, सपा आदि सभी राजनीतिक दल जातिवादी और आरक्षण विरोधी हैं। बहुजन समाज पार्टी का लक्ष्य देश में संविधान सम्मत शासन स्थापित कर सर्वसमाज के हितों को सुरक्षित करना है।प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बहुजन समाज पार्टी के विरोध में कांग्रेस और भाजपा की मदद से खड़े किए गए राजनीतिक दलों और नेताओं से सावधान रहने की अपील की और कहा कि झूठी राजनीति करके जनता को गुमराह करना भाजपा, कांग्रेस और सपा की प्रवृत्ति में शामिल है।प्रदेश अध्यक्ष ने सपा, भाजपा और कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि इन दलों का चरित्र प्रदेश की जनता के सामने आ चुका है। जनता बसपा, सपा और भाजपा की सरकारों की तुलना कर रही है।बहन मायावती ने शिक्षा को मजबूत करने के लिए 5000प्राथमिक विद्यालय खोले और सैकड़ों शिक्षण संस्थान संचालित किए। भाजपा गरीबों से प्राथमिक शिक्षा छीनना चाहती है, इसलिए स्कूल बंद कर गरीबों की बस्तियों में शराब के ठेके खोले जा रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपनी सरकार में बैकलॉग भर्तियों पर रोक लगाई। पदोन्नति में आरक्षण और ठेकेदारी में आरक्षण खत्म किया।एस सी/एस टी कर्मचारियों को रिवर्ट किया,बहन मायावती की ओर से बहुजन महापुरुषों के नाम पर बनाए गए जिलों को समाप्त किया। बाबा साहब डॉ अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम के नाम पर बने जिलों को समाप्त करने वाले अखिलेश यादव की टीम भारतीय संविधान की किताब और नीली शर्ट पहनकर दलित एवं पिछड़े वर्ग के लोगों का वोट लेने का झूठा नाटक कर रही है।