
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा जिले के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। शासन ने जिले में 100 बेड के नए जिला अस्पताल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह अस्पताल लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 7 एकड़ से अधिक भूमि पर बनाया जाएगा। लंबे समय से जिले में नए अस्पताल की मांग की जा रही थी, क्योंकि पुराने जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में परिवर्तित कर दिया गया था।इस संबंध में अधीक्षण अभियंता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ रवि कुमार ने निदेशक चिकित्सा उपचार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा संबंधित जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शासन ने अस्पताल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का विवरण, साइट प्लान, खसरा और खतौनी सहित सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है।निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भूमि चयन के बाद विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि शासन का पत्र प्राप्त हो चुका है और ऐसी जगह की तलाश की जा रही है जो आम जनता के लिए सुविधाजनक हो। नए अस्पताल के बनने से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और मेडिकल कॉलेज पर बढ़ते मरीजों के दबाव में भी कमी आएगी। सामान्य बीमारियों का इलाज नए अस्पताल में ही उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत होगी।