
PARDARSHI VIKASH NEWS ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार गुरुवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। त्योहार को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई।जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने खुद कई नमाज स्थलों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों को बकरीद की मुबारकबाद देते हुए त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। पुलिस प्रशासन पूरे दिन क्षेत्र में भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए रहा।त्योहार के दौरान सोशल मीडिया की भी विशेष मॉनिटरिंग की गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक संदेश साझा न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।जिलाधिकारी और एसएसपी ने जनपदवासियों का सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि सभी समुदायों के आपसी सद्भाव और सहयोग से बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम संतोष कुमार सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।